दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पारंपरिक श्राद्ध कर्म का शुक्रवार को 11वां दिन है। आज संथाली रीति-रिवाज से गुरुजी का दशकर्म होगा। दशकर्म के बाद 16 अगस्त को संस्कार भोज होगा। इसमें गांव-घर के अलावा अन्य लोग भी शामिल होंगे। इधर, गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ स्थित नेमरा में अपने परिजनों संग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए पारंपरिक विधान पूरा किया। वहीं, मुख्यमंत्री ने संस्कार भोज की हो रही तैयारियों का खुद जायजा भी लिया। सड़क के किनारे 4000 स्ट्रीट लाइट लगाए गए गुरुजी के पैतृक गांव नेमरा में 16 अगस्त को होने वाले संस्कार भोज की तैयारी पूरी हो गई है। गोला चौक से गुरुजी के घर तक करीब 25 किमी सड़क बनकर तैयार हो गई है। सड़क के दोनों ओर गुरुजी के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए हैं। इस सड़क के किनारे 4000 स्ट्रीट लाइट लगाए गए हैं। बिजली गुल होने की स्थिति से निपटने के लिए 200 से अधिक जेनरेटर लगाए गए हैं। ऊर्जा विभाग के अधीक्षण अभियंता सोमर उरांव, कार्यपालक अभियंता विजय उरांव और जेई धनंजर महतो वहां कैंप किए हुए हैं। कार्यक्रम की तैयारी में प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। तैयारी की व्यवस्था देख रहे मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और योगेंद्र प्रसाद ने गुरुवार को मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी। इस कार्यक्रम के लिए दो लाख से अधिक लोगों को आमंत्रित किया गया है। गोला रोड में कल मालवाहक गाड़ियों की 18 घंटे एंट्री नहीं नेमरा से संस्कार भोज को लेकर ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। ओरमांझी से सिकिदरी होकर गोला जाने वाले रूट पर शनिवार सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक मालवाहक गाड़ियों की एंट्री पर रोक रहेगी। इसी तरह सिल्ली व मुरी होकर गोला जाने वाली सड़क पर भी मालवाहक गाड़ियां नहीं चलेंगी। 5 पंडालों में बनेगा खाना, यहीं श्रद्धांजलि देने की व्यवस्था संस्कार भोज के लिए अलग-अलग जगहों पर पांच बड़े पंडाल बनाए गए हैं। इन्हीं पंडालों में खाना बनाने की व्यवस्था होगी। इन पंडालों में गुरुजी की तस्वीर भी लगाई जाएगी, जहां लोग उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। पंडालों में एसी और कूलर की भी व्यवस्था की गई है। घर से 500 मीटर तक दो अप्रोच रोड भी बनाए जा रहे गुरुजी के घर से 500 मीटर तक दो अप्रोच रोड भी बनाए जा रहे हैं। पांच अगस्त को इस सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई थी। इसे देखते हुए अप्रोच रोड बनाने का फैसला लिया गया। इसके लिए पहाड़ों को काटकर सड़क बनाई जा रही है। ताकि अगर जाम जैसी स्थिति बने तो गाड़ियों को इस रोड से आगे निकाला जा सके। राजनाथ सिंह, रामदेव, रेवंत रेड्डी ओर आरके आनंद का आना तय संस्कार भोज में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बाबा रामदेव, तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी और आरके आनंद का आना तय हो गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय ने इसकी पुष्टि कर दी है। और कौन-कौन पहुंचेंगे, यह 15 अगस्त को तय हो जाएगा। इनके अलावा रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और यूपी के अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री संजीव कुमार गोंड भी आएंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई बड़े नेता, बंगाल व पंजाब के सीएम सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों या उनके प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है।


