गेम खेलने मोबाइल मांगा..नहीं दिया तो गला दबाकर मारा:15 दिन बाद खंडहर स्कूल में मिली लाश; दोनों दोस्तों को गेम की लत थी

बिलासपुर में मोबाइल पर गेम खेलने की लत ने दोस्त की जान ले ली। चिन्मय सूर्यवंशी (13 साल) कक्षा 8वीं का छात्र था, वह पिछले 15 दिनों से लापता था। गुरुवार (14 अगस्त) को उसकी लाश बंद स्कूल में क्षत-विक्षत हालत में मिली है। जांच में पता चला है कि चिन्मय का मर्डर उसी के दोस्त छत्रपाल ने किया है। दोनों दोस्त को मोबाइल पर गेम खेलने की लत थी, लेकिन छत्रपाल के घर वालों ने उसका मोबाइल ले लिया था, इसलिए वह चिन्मय से गेम खेलने के लिए मोबाइल मांगा, नहीं देने पर गला घोंटकर उसे मार डाला और लाश को खंडहर स्कूल में छिपा दिया था, ये स्कूल पिछले 10 महीने से बंद पड़ा है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ये है पूरा घटनाक्रम दरअसल, भरारी गांव का रहने वाला चिन्मय सूर्यवंशी (13) 8वीं का छात्र था। 31 जुलाई की शाम करीब 4.30 बजे अपने घर से निकला था। जिसके बाद घर नहीं लौटा। इससे परेशान परिजन आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करते रहे। साथ ही थाने में भी बच्चे के गायब होने की जानकारी दी। बच्चे के गायब होने के बाद से उसके परिजन परेशान थे। उसकी तलाश के लिए थाने से लेकर SP दफ्तर के चक्कर काट रहे थे। परिजनों ने एक लाख का इनाम भी घोषित किया था। परिजनों को थी अनहोनी की आशंका चिन्मय के परिवार को शुरू से शक था कि, कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला कर अपहरण कर ले गया है। जिसके चलते वो अपने मासूम बेटे की तलाश के लिए लगातार थाने और एसपी ऑफिस का चक्कर काट रहे थे। निराश परिजनों ने घोषित किया था एक लाख का इनाम तमाम खोजबीन के बावजूद मासूम चिन्मय का कुछ पता नहीं चला। इससे हताश और निराश होकर परिजनों ने उसकी सुरक्षित घर वापसी के लिए आम लोगों से मदद की अपील की थी। उन्होंने पंपलेट भी छपवाया और आसपास के गांव में चस्पा किया। परिजनों ने चिन्मय की जानकारी देने वाले को एक लाख रुपए इनाम देने की घोषणा भी की थी। गांव के ही पुराने स्कूल में मिला शव, दोस्त निकला हत्यारा वहीं, गुरुवार (14 अगस्त) को गांव के कुछ लोगों को पुराने स्कूल तरफ से बदबू आई, तब लोगों ने वहां जाकर देखा। इस दौरान मासूम चिन्मय की लाश बंद कमरे में दिखी। बच्चे की लाश मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई नरेश चौहान ने बताया कि, डेड बॉडी पूरी तरह से डिकंपोज हो गई है। ऐसे में जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। इधर, पुलिस ने बच्चे की हत्या की आशंका को देखते हुए मृतक छात्र के पिता अजय सूर्यवंशी सहित अन्य लोगों से पूछताछ की, तब गांव के ही उसके दोस्त छत्रपाल सूर्यवंशी (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपने दोस्त की हत्या का अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मोबाइल गेम की लत ने ली बच्चे की जान एडिशनल एसपी अर्चना झा ने बताया कि मृतक चिन्मय और आरोपी छत्रपाल सूर्यवंशी दोनों को मोबाइल पर गेम खेलने की लत थी। छत्रपाल का मोबाइल घर वालों ने ले लिया था। इसके बाद चिन्मय मोबाइल रखता था। उसने चिन्मय से मोबाइल मांगा, नहीं देने पर उसने चिन्मय की हत्या कर दी। अभी प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने ये जानकारी दी है। पूछताछ पूरी होने के बाद और भी पहलू निकल कर सामने आएंगे। उन्होंने बताया कि मृतक छात्र का मोबाइल पुलिस ने आरोपी से बरामद किया है। 10 महीने से बंद है स्कूल पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि, प्राथमिक स्कूल परिसर में 2016 में नया भवन बना, जिसके बाद इसे संकुल केंद्र बना दिया गया। करीब 10 महीने पहले गांव में नया स्कूल भवन बनकर तैयार हुआ था। जिसके बाद संकुल केंद्र को भी दूसरे भवन में शिफ्ट कर दी गई थी। वहीं पुराने स्कूल भवन बंद पड़ा था। पुलिस पर लापरवाही के आरोप परिजनों का आरोप है कि, बच्चे के गायब होने के दूसरे ही दिन एक अगस्त को रतनपुर थाने में सूचना दे दी थी। पुलिस ने बच्चे की जानकारी जुटाकर तलाश करने का भरोसा दिलाया। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान पुलिस की टीम गांव जाकर पूछताछ कर लौट गई। वहीं, परेशान परिजन लगातार पतासाजी करते रहे। …………………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… फ्री फायर गेम की लत ने ली छात्र की जान: बिलासपुर में दोस्तों संग घूमते-घूमते मोबाइल पर खेल रहा था गेम, फिसलकर गिरने से मौत बिलासपुर में फ्री फायर गेम की लत में मशगूल छात्र की हादसे में जान चली गई। छात्र रात में अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। इस दौरान वो मोबाइल पर गेम खेल रहा था। तभी रास्ते में सड़क पर फिसलकर गिर गया। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई। हादसे में छात्र की मौत हो गई। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *