रामानुजगंज में स्वतंत्रता दिवस समारोह:नगर पालिका अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण, हजारों छात्र और नागरिक रहे मौजूद

बलरामपुर-रामानुजगंज के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा। समारोह में हजारों स्कूली छात्र और नगरवासी शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम से पहले गांधी चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रमन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम विचार नेताम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामानुजगंज को नगर पालिका का दर्जा देकर इसका गौरव बढ़ाया गया है। अग्रवाल ने रामानुजगंज के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल और सभी पार्षद उपस्थित थे। नगर के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। बलरामपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा बलरामपुर में आजादी के अमृत महोत्सव और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के नेतृत्व में यह यात्रा कलेक्टर निवास परिसर पुराना बस स्टैंड से शुरू हुई। यात्रा में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल और जिला पंचायत नयनतारा सिंह तोमर समेत कई अधिकारी शामिल हुए। रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का और अलग-अलग स्कूल के छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय हिंद के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए सेजेस हिंदी माध्यम स्कूल मैदान में समाप्त हुई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एक अनूठी पहल की। उन्होंने कागज, ऊन और प्राकृतिक फूल-पत्तों से तिरंगा राखी बनाई। यह राखी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बांधकर राष्ट्रप्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। सांसद चिंतामणि महाराज ने सभी से हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *