शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने शनिवार को आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया के विवादित बयान की निंदा की है। सिसोदिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं को 2027 के चुनाव में बल, धन, गुंडागर्दी और धोखाधड़ी का सहारा लेने के लिए उकसाया था। धामी ने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है। यहां का हर कोना गुरु साहिबों की विरासत से जुड़ा है। गुरुओं की विचारधारा न्याय, सत्य और ईमानदारी पर टिकी है। उन्होंने कहा कि भाईचारा, कड़ी मेहनत और रिश्तों की पवित्रता यहां के मूल्य हैं। लुटेरों को हमेशा पंजाब से मुंह की खानी पड़ी- प्रधान
SGPC प्रधान ने चेतावनी दी कि पंजाब के लोग समाज को गंदा करने वाले विचारों को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि लूट-खसोट करने आए लुटेरों को हमेशा पंजाब से मुंह की खानी पड़ी है।धामी ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे प्रदेश के ऐतिहासिक चरित्र को कलंकित होने से बचाएं। उन्होंने कहा कि सिख संस्था के प्रमुख होने के नाते वे ऐसी बयानबाजी की कड़ी निंदा करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतों का विरोध जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की गलती न करे। मनीष सिसोदिया ने कहा था कि AAP के महिला टीम घर-घर जाएंगी। महिला विंग का असली पड़ाव है, 2027 का चुनाव जितवाना। 2027 का चुनाव जितवाने के लिए साम, दाम, दंड, भेद, सच-झूठ, क्वेश्चन-आंसर, लड़ाई-झगड़ा जो करना पड़े, करेंगे। क्या आप लोग तैयार हैं?


