लुधियाना में शादी से महज 17 दिन बाद दुल्हन ने पति को बाथरूम में बंद कर दिया और घर से गहने और मोबाइल चुराकर अपने प्रेमी के साथ भाग गई। जमालपुर की सरपंच कॉलोनी की यह घटना है। पति को तब और बड़ा झटका लगा जब उसने पाया कि उसकी पत्नी अमृतसर के छेहरटा में किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही है। इस घटना के बाद अभी पति और उसके परिजनों ने मीडिया से भी दूरी बनाई हुई है। उनका कहना है कि वह जल्द ही इस मामले में अपना पूरा पक्ष रखेंगे। अक्सर फोन पर करती थी चैटिंग
शिकायतकर्ता सुखराज सिंह, पेशे से मैकेनिक हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी शादी 25 मई को अमनदीप कौर से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी फोन पर किसी से बात करने और चैट करने में काफी समय बिता रही थी। जब उन्होंने इस बारे में पूछा तो पत्नी ने कहा कि वह अपने माता-पिता और भाई-बहनों से बात कर रही है क्योंकि वह उन्हें याद कर रही है। सुखराज ने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया और सोचा कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा। क्या है पूरा मामला
सुखराज ने बताया कि 11 जून को जब वह नहाने के लिए बाथरूम में गए, उनकी पत्नी कमरे में थी। नहाने के बाद जब उन्होंने बाथरूम का दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो पाया कि दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने सोचा कि उनकी पत्नी मजाक कर रही है। लेकिन जब बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने किसी तरह दरवाजा खोला। बाहर आकर उन्होंने देखा कि अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे सोने के गहने और एक एप्पल आईफोन गायब थे। उनकी पत्नी भी घर से गायब थी और उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। पत्नी के प्रेमी के साथ रहने का खुलासा
सुखराज ने अपनी पत्नी की तलाश शुरू की और पाया कि वह अमृतसर के छेहरटा में निखिल नामक व्यक्ति के साथ रह रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने साजिश के तहत गहने और मोबाइल फोन चुराए और फरार हो गई। पुलिस कार्रवाई। जांच अधिकारी एएसआई साहिब सिंह ने बताया कि महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) (आपराधिक विश्वासघात) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार करेगी।


