चतरा-राजपुर मुख्य मार्ग पर चौरा मोड़ के पास बड़ा हादसा हो गया। कोस्माडी गांव की कंचन देवी अपनी बेटी के साथ टेंपो से चतरा जा रही थीं। रास्ते में चालक की लापरवाही से टेंपो बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में कंचन देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी समेत छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चौरा मोड़ पर शव रखकर प्रदर्शन किया और दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उटा मोड़ स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चतरा के सीओ अनिल कुमार ने मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजे का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। पुलिस ने टेंपो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


