गोड्डा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ललमटिया थाना क्षेत्र के हाट डुमरिया गांव में एक कुएं से 30 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान सोगले टोला डुमरिया, मोहनपुर निवासी शुशील सोरेन के रूप में हुई है। सुशील पिछले दो साल से ईसीएल की राजमहल कोल परियोजना में कार्यरत था। वह रविवार से लापता था। ग्रामीणों ने कुएं में तैरते शव को देखकर ललमटिया पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह के निर्देश पर एएसआई सुरेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कुएं से निकलवाया। पुलिस और स्थानीय लोगों का मानना है कि युवक नशे की हालत में कुएं में गिर गया था। शव से आ रही दुर्गंध से अनुमान है कि मौत कुछ दिन पहले हुई थी। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा के सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।


