चंडीगढ़ के मनीमाजरा, राजीव विहार निवासी सिद्धार्थ शर्मा सोशल मीडिया पर आए एक लिंक पर भरोसा करने के चक्कर में ठगों के शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें आईपीओ में निवेश का झांसा देकर कुल ₹7,75,600 की ठगी कर ली। सिद्धार्थ ने पुलिस को बताया कि 15 जुलाई 2025 को उनके मोबाइल पर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक लिंक आया, जिसमें एक्सिस बैंक और ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट लिखा था। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक ग्रुप में शामिल हो गए, जिसमें पहले से तीन लोग थे। ग्रुप में बताया गया कि निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलेगा। सिद्धार्थ ने शुरुआत में ₹5,000 निवेश किए और ₹5,600 वापस पाए, यानी ₹600 का फायदा हुआ। इस पर भरोसा कर उन्होंने बार-बार निवेश किया और देखते ही देखते कुल ₹7,75,600 निवेश कर दिए। इस मामले में साइबर क्राइम थाना-17, चंडीगढ़ में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुनाफा नहीं मिला, ग्रुप से बाहर किया
कुछ समय तक उसे आंशिक रकम वापस मिली, लेकिन पूरी राशि निवेश करने के बाद कई दिनों तक एक भी रुपया मुनाफा नहीं मिला। उसने बार-बार मैसेज कर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। बाद में उसे उस ग्रुप से भी बाहर कर दिया गया।


