भास्कर न्यूज | गिरिडीह सुभाष शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत सात दिवसीय विशेष शिविर की शुरुआत बुधवार को जोरबाद गांव में हुई। यह शिविर 26 अगस्त तक चलेगा। शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार और उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन दास ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिंह और व्याख्याता प्रो. राजकिशोर प्रसाद ने की। उद्घाटन समारोह में मोहन दास ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और कार्यों की जानकारी दी। डॉ. अनुज कुमार ने कहा कि ऐसे शिविरों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। लोगों में सहयोग की भावना बढ़ती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाता है। डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल किताबों की नहीं, जीवन की सच्ची शिक्षा देता है। इसका मूल मंत्र मैं नहीं, तुम है। यह निस्वार्थ सेवा और समाज कल्याण का संदेश देता है। मौके पर डॉ. अनुज कुमार, डॉ. संजीव कुमार सिंह, प्रो. राजकिशोर प्रसाद थे।


