भास्कर न्यूज | खड़गपुर रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (स्टेशन विकास-II) डॉ संजीव कुमार गर्ग ने बुधवार को खड़गपुर मंडल के हल्दिया एवं तामलुक स्टेशनों पर चल रहे अमृत स्टेशन परियोजना के विकास कार्यों का गहन निरीक्षण एवं समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ गति शक्ति इकाई के मुख्य परियोजना प्रबंधक भी उपस्थित थे। डॉ संजीव कुमार गर्ग ने कार्यों की प्रगति, डिज़ाइन तथा गुणवत्ता का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए और कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के साथ-साथ उच्चतम गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों को बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने बताया कि उन्नत स्टेशन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेंगे। अमृत स्टेशन परियोजना का उद्देश्य देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप प्रदान करना है।


