भास्कर न्यूज | जालंधर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 23 अगस्त को देशभर में दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी स्कूलों को इस दिन को मनाने के लिए कहा गया है। बोर्ड की ओर से स्कूलों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यह दिन भारत के चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाएगा। 23 अगस्त 2023 को विक्रम लैंडर चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरा था। इस उपलब्धि ने भारत को चंद्रमा पर लैंडिंग करने वाला चौथा देश तथा चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में पहली बार लैंडिंग करने वाला पहला देश बना दिया था। बोर्ड ने कहा है कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का उद्देश्य युवा पीढ़ी में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित के प्रति उत्साह जगाना है। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, स्कूलों में विभिन्न एक्टीविटीज करवाई जाएंगी। इस वर्ष के राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर स्कूलों में विशेष सभाएं, प्रदर्शनी, कार्यशालाएं और स्थानीय अंतरिक्ष तकनीकी विशेषज्ञों के संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम ऑफलाइन और वर्चुअल दोनों माध्यमों से होंगे, इसका उद्देश्य भारत की अंतरिक्ष शक्तियों के बढ़ते प्रभाव को उजागर करना है। साथ ही, एनसीईआरटी द्वारा विकसित एक नया विशेष मॉड्यूल भारत : एक उभरती अंतरिक्ष शक्ति भी 23 अगस्त 2025 को जारी किया जाएगा, जो छात्रों में जिज्ञासा और नवाचार की भावना को बढ़ावा देगा। जालंधर| केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों से डुप्लीकेट मार्कशीट, प्रमाणपत्र और दस्तावेज सुधार के संदर्भ में भ्रामक जानकारी के प्रसार के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया है। सीबीएसई ने कहा है कि कुछ अनधिकृत स्रोत तेज और आसान समाधान के नाम पर डुप्लीकेट दस्तावेज जारी करने तथा प्रमाणपत्रों में सुधार कराने के लिए भ्रामक जानकारियां फैला रहे हैं। बोर्ड ने इस तरह की गैर आधिकारिक और भ्रामक सूचनाओं का कड़ा विरोध व्यक्त किया है। ये प्लेटफार्म सीबीएसई से किसी भी रूप में संबद्ध या अधिकृत नहीं हैं। ऐसे स्रोतों पर भरोसा करने से गलत जानकारी, आर्थिक नुकसान या अन्य गंभीर परिणाम हो सकते हैां।


