भास्कर संवाददाता | चूरू चूरू व सीकर के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। नए साल में चूरू- सीकर होकर जयपुर- कोटा- भोपाल के रास्ते बीकानेर-काचीगुड़ा स्पेशल वीकली ट्रेन चलेगी। पहले यह ट्रेन इसी नंबर से बीकानेर से मेड़ता, फुलेरा होकर चलती थी। लंबी दूरी की ट्रेन पहली बार चूरू-सीकर होकर चलेगी। एक अन्य ट्रेन हिसार-काचीगुड़ा चूरू-बीकानेर होकर चलती है। नई ट्रेन चूरू-सीकर-जयपुर होकर चलेगी। काचीगुड़ा-बीकानेर स्पेशल ट्रेन 4 जनवरी शनिवार को काचीगुड़ा रवाना होकर सोमवार दोपहर 3 बजे बीकानेर पहुंचेगी। वापसी में बीकानेर से 7 जनवरी मंगलवार को दोपहर 1.30 बजे रवाना होकर गुरुवार को काचीगुड़ा 7.40 बजे पहुंचेगी। काचीगुड़ा से ये ट्रेन शनिवार को रवाना होकर सोमवार तड़के 3.35 बजे कोटा, 7.30 बजे जयपुर, 9.20 बजे सीकर, 11.05 बजे चूरू, 11.55 बजे रतनगढ़ से श्रीडूंगरगढ़ होते हुए दोपहर 3 बजे बीकानेर पहुंचेगी। वापसी में ये मंगलवार को बीकानेर से दोपहर 1.30 बजे रवाना होकर 3.05 बजे रतनगढ़, 4.25 बजे चूरू, 6.00 सीकर, 8.00 सीकर एवं गुरुवार को 7.40 बजे काचीगुड़ा पहुंचेगी। रेलवे ने फिलहाल इस स्पेशल ट्रेन की टाइम लाइन तय नहीं की है। ऐसे में समझा जाता है कि रेलवे की ओर से रेवेन्यू एवं यात्रीभार को देखते हुए आगे निर्णय किया जाएगा। बीकानेर-रेवाड़ी के बीच चलने वाली स्पेशल पैसेंजर ट्रेन अब रेगुलर ट्रेन के नाम से दूसरे नंबर से चलेगी। पहले इसका नंबर 04789/04790 था, जो नियमित होने के बाद 54789/54790 हो गया। ये नंबर एक जनवरी से लागू होंगे। ये ट्रेन 110 की स्पीड से चलेगी। इसी प्रकार बीकानेर-चूरू स्पेशल पैसेंजर भी एक जनवरी से नए नंबर से रेगुलर चलेगी। बीकानेर-रतनगढ़ स्पेशल भी नए नंबर से रेगुलर चलेगी। बीकानेर से चूरू के लिए नियमित रेल सेवा की डिमांड अर्से से की जा रही थी। ऐसे में न सिर्फ चूरू बल्कि श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ जैसे नजदीकी स्टेशन के लिए भी नियमित रूप से रेल सेवा यात्रियों को मिल सकेगी। इसके अलावा राजस्थान अधिकांश बड़े जिलों से निकलने वाली स्पेशल रेल सेवाओं को नियमित कर दिया गया है। अब एक जनवरी के बाद जारी होने वाली समय सारिणी में इन गाड़ियों का उल्लेख होगा। इन ट्रेनों के रेगुलर होने से इनका संचालन बार-बार नहीं बढ़ाया जाएगा।


