भास्कर संवाददाता | चूरू वार्ड 22 के ओम कॉलोनी इलाके में शनिवार को पानी निकासी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर वार्डवासियों ने रास्ता रोककर प्रदर्शन किया। पिछले कई दिनों से रास्ते पर गंदा पानी भरने की समस्या थी, जिसका समाधान नहीं होने के कारण शनिवार को वार्डवासियों का आक्रोश फूट गया। वार्डवासियों ने बताया कि सीवरेज की लाइन बंद पड़ी है। पिछले काफी दिनों से रेलवे कॉलोनी के पास स्थित डिग्गी की सफाई भी नहीं हो रही है, अब वह भी बंद पड़ी है। नाले भी टूटे पड़े हैं। इन समस्या को लेकर बार-बार नगरपरिषद प्रशासन को अवगत करवाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने बताया कि पिछले दिनों नगर परिषद ने आनन- फानन में नाले की मरम्मत करवा कर लीपापोती कर दी थी, लेकिन कुछ दिन बाद नाला फिर टूट गया, जिससे रास्ते पर पानी भर गया। वार्डवासियों ने बताया कि बिसाऊ रोड पर आरओबी का कार्य शुरू होने के कारण इस रास्ते पर वाहनों का आवागमन बढ़ गया है तथा रास्ते पर गंदा पानी होने के कारण वाहनों चालाकों को भी काफी परेशानी हो रही है। वार्डवासियों का कहना कि अगर जल्द ही इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं होता है, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालो में रामचंद्र सांखला, हंसराज बागड़ी, मामराज सैनी, लालचंद सांखला, विनोद सैनी, विजय कुमार, विकास, बंटी, प्रेम कुमार, किशनलाल, नंदलाल सांखला, राजकुमार, बजरंग लाल आदि शामिल थे।


