भोपाल में शनिवार को एक नवविवाहिता की मौत के बाद हंगामा हो गया। शव के पोस्टमार्टम के दौरान महिला के मायके और ससुराल वालों के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस ने आकर स्थिति संभाली। दरअसल, भोपाल के लालघाटी इलाके की जैन कॉलोनी में रहने वाली आरती दुबे (28) की शुक्रवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। ससुराल वालों का कहना है कि उसने फांसी लगा ली। जबकि मायके वालों ने पति पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी के बाहर ससुराल और मायके पक्ष के बीच महिला के अंतिम संस्कार को लेकर भी विवाद हुआ। हालांकि, बाद में बॉडी मायके वालों के सुपुर्द कर दी गई। परिजन का आरोप- दहेज मांग रहे थे ससुराल वाले
इंग्लिश में एमए आरती छतरपुर के बड़ामलहरा की रहने वाली थीं। उनके भाई रामप्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि वे 6 बहनों में 5वें नंबर की थीं। इसी साल 22 अप्रैल को उनकी शादी भोपाल में की थी। लड़के वालों ने 20 लाख रुपए की डिमांड की थी। हमने 15 लाख रुपए कैश दिए थे। 5 लाख रुपए बाद में देना तय हुआ था। रामप्रकाश के मुताबिक, हम 5 लाख रुपए देने के लिए जमीन बेचने की तैयारी कर रहे थे। इधर, बहन के ससुराल वाले लगातार रकम देने का दबाव बनाते रहे। इसी बात को लेकर जीजा आरती को प्रताड़ित करता था। उसकी एक ननद भी उसे ताना दिया करती थी। आरती कई बार फोन पर इस बात का जिक्र कर चुकी थी। रात में छोटी बहन से बात, सुबह मौत की खबर मिली
भाई रामप्रकाश ने बताया कि आखिरी बार गुरुवार रात आरती की छोटी बहन से फोन पर बात हुई थी। तब भी उसने बताया था कि जीजा बहुत परेशान कर रहे हैं। ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे। पिता ने भी उससे बात की थी। उन्होंने आरती को भरोसा दिया था कि रात गुजार लो सुबह हम लेने आ रहे हैं। शुक्रवार सुबह उसकी ननद ने फोन पर बहन की मौत की सूचना दी। मर्चुरी में बॉडी को देखा तो उस पर चोटों के निशान हैं। हमें फांसी लगाने की बात बताई जा रही है। हमें शक है कि उसकी हत्या गला घोंटकर की गई है। एसीपी करेंगे नवविवाहिता की मौत मामले की जांच
टीआई बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ससुराल वालों ने फांसी लगाकर सुसाइड की बात बताई है। महिला के गले में दुपट्टे से बना फंदा भी मिला। नव विवाहिता से जुड़ा मामला होने के कारण एसीपी केस की जांच करेंगे।


