रोपड़ में केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार को लेकर बीजेपी और पुलिस आमने-सामने आ गए। बीजेपी द्वारा लगाए गए जागरूकता कैंपों को पुलिस ने बंद करवा दिया। इसके विरोध में जिला प्रधान अजेवीर सिंह लालपुरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बीजेपी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए जागरूकता कैंप लगा रही थी। प्रशासन ने अचानक इन कैंपों को बंद करवा दिया। इससे नाराज कार्यकर्ता रूपनगर सचिवालय के बाहर इकट्ठा हुए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बीजेपी जिला प्रधान और प्रशासनिक अधिकारियों में तीखी बहस हुई। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर पुतला जलाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने जिला प्रधान समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। केंद्र की योजनाओं को जनता तक नहीं पहुंचने दे रही मान सरकार- जिला प्रधान
जिला प्रधान अजेवीर सिंह ने पंजाब सरकार पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार केंद्र की योजनाओं को जनता तक नहीं पहुंचने दे रही है। सरकारी दबाव में पुलिस ने कैंप बंद करवाए हैं। उन्होंने बताया कि सत्ताधारी दल के विधायक भी ऐसे ही कैंप लगा रहे हैं। एसडीएम संजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि विधायकों ने कैंप की अनुमति ली थी। हिरासत में लिए गए बीजेपी नेताओं पर कार्रवाई के बारे में उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।


