संजय तिवारी | अमृतसर/ झब्बाल थाना इस्लामाबाद में 17 दिसंबर को ग्रेनेड धमाका करने वाले आरोपी गुरजीत सिंह और बलजीत सिंह आपस में रिश्तेदार हैं। धमाके के बाद दोनों आरोपियों ने खासा में एक एनआरआई की बंद कोठी में छिपकर 2 दिन बिताए थे। जहां एक ग्रेनेड और 2 पिस्तौल को स्टील के डोल में डालकर जमीन में दबा दिया था। 20 दिसंबर को दोनों जिला तरनतारन के गांव छापा में बलजीत के घर चले गए थे। कुछ दिन वहां रहने के बाद 24 दिसंबर को गुरजीत अपने घर घरिंडा के गांव डंडे गया था। 25 दिसंबर को गुरजीत घर से वापस छापा चला गया था। जहां एसएसओसी की टीम बलजीत के घर से 1 किलो 400 ग्राम हेरोइन के साथ गुरजीत को काबू करके थाने में ले गई। गुरजीत की निशानदेही पर बलजीत को काबू किया, फिर बंद कोठी से हैंड ग्रेनेड, एक जिगना और एक ग्लॉक पिस्तौल बरामद किया। मामले में एसएसओसी की टीम एनआरआई के कोठी के मालिक के रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में ओर भी आरोपियों की गिरफ्तारी होने की संभावना है।


