भास्कर न्यूज | लुधियाना ठंड का मौसम आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों के लिए बहुत मुश्किल रहता है। ठंड में ठिठुरने के लिए इन्हें मजबूर होना पड़ता है। इसी पीड़ा को समझते हुए दैनिक भास्कर द्वारा वस्त्रदान अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत वस्त्रदान के लिए बीसीएम स्कूल दुगरी, गुरु नानक इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल मॉडल टाउन, दैनिक भास्कर के दफ्तर और शहर में विभिन्न जगहों पर सेंटर स्थापित किए गए थे। जहां के स्टूडेंट्स, अध्यापकों, स्टाफ और शहरवासियों द्वारा जरूरतमंदों के लिए ऊनी कपड़े, मफलर, जैकेट, कंबल इत्यादि दान किए गए। दैनिक भास्कर की ओर से इन कपड़ों की छंटाई, इस्त्री और पैकिंग करवा कर दिव्यांग आश्रम, स्लम एरिया में दिया गया। इसके लिए गुरु अमरदास अपाहिज आश्रम सराभा गांव में महिलाओं और पुरुषों के लिए वस्त्र बांटे गए। वहीं, पक्खोवाल रोड, फिरोजपुर रोड, भारत नगर चौक में सड़कों के किनारे रहने वाले लोगों को भी कपड़े दिए गए। गुरु अमरदास अपाहिज आश्रम के संस्थापक डॉ. नौरंग सिंह मांगट ने इस अभियान की सराहना की। उन्होंने इस तरह के अभियान के जरिए जरूरतमंद लोगों की मदद करते रहने की अपील की। वहीं, बीसीएम स्कूल दुगरी की प्रिंसिपल डॉ. वंदना शाही और गुरु नानक इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल मॉडल टाउन की प्रिंसिपल गुरमंत कौर गिल ने भी इस अभियान का आयोजन करने की सराहना की। कहा कि इस तरह के अभियान स्टूडेंट्स में भी सेवा भावना का विकास करते हैं।


