भास्कर न्यूज | लुधियाना भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊधम सिंह नगर में गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करने के लिए वीर बाल दिवस को बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया। यह दिवस छात्रों में साहस, वीरता और देशभक्ति के मूल्यों को स्थापित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों द्वारा चिह्नित किया गया। इस मौके पर अध्यापिका नवनीत कौर ने साहिबजादों की अद्वितीय बहादुरी द्वारा दिए गए बलिदान पर प्रकाश डालते हुए युवा पीढ़ी में इन गुणों को स्थापित करने के महत्व पर जोर दिया ताकि उन्हें सदाचार पूर्ण जीवन यापन करने के लिए प्रेरित किया जा सके। इस अवसर पर छात्रा अवलप्रीत द्वारा प्रस्तुत कविता ने सभी को भाव विभोर कर दिया तथा सातवीं के छात्रों ने साहिबजादों की विरासत पर अपने विचार व्यक्त करते हुए निबंध-लेखन गतिविधि में भाग लिया। पांचवीं के छात्रों ने गुरु गोबिंद सिंह और उनके पुत्रों से संबंधित ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित कथा वाचन गतिविधि में भाग लिया। प्रिंसिपल सीमा गुप्ता ने कहा कि गुरुजी और उनके परिवार की शहादत हमें याद दिलाती है कि सच्ची ताकत सत्य और न्याय का साथ देने में ही है तथा उन्होंने साहिबजादों के बलिदानों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सत्यता के गुणों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।


