भास्कर न्यूज | बालोद पीएम किसान के नाम पर एपीके (एंड्रायड पैकेज किट) फाइल भेजकर मोबाइल को हैक कर बीएसपी के रिटायर्ड कर्मचारी से 12 लाख 13 हजार 860 रुपए साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार शाम को रिमांड मंे भेजा। आरोपियों में बिहार के नीतीश कुमार दास (22), अरविंद कुमार दास (18) और राकेश कुमार दास (21) शामिल है। नीतिश व राकेश सगे भाई है। आरोपियों ने पीएम किसान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ डौंडीलोहारा थाने में धारा 317(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। शुक्रवार शाम को पुलिस कार्यालय बालोद में मामले का खुलासा किया गया। आरोपियों के कब्जे से कार, ऑनलाइन उपयोग में आने वाले विभिन्न डिजिटल बैंक खाता, एटीएम कार्ड, मोबाइल, पासबुक, लैपटॉप बरामद किया गया है। जिसकी कीमत 15 लाख रुपए है। एसपी योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों को पकड़ने डौंडीलोहारा और साइबर सेल से विशेष टीम तैयार की थी। प्रार्थी के बयान के आधार पर मोबाइल पर सोशल मीडिया में पीएम किसान एपीके फाइल भेज उसका मोबाइल हैक कर उसके ही मोबाइल नंबर के सिम का क्लोन तैयार कर प्रार्थी के नाम का ही ई-सिम जनरेट कर लिया गया था। ओटीपी लेकर पैसा ट्रांसफर एप जनरेट कर अलग-अलग यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन रकम डिजिटल ट्रांसफर किया गया था। प्रार्थी के बैंक खाता का एनालिसिस करने पर विभिन्न एप के माध्यम से रकम ट्रांसफर किया जाना पाया गया। आरोपियों के संबंध में पुख्ता जानकारी होने पर विशेष टीम को जमुई बिहार रवाना किया गया। टीम ने जमुई बिहार पहुंचकर वहां कैंप कर लोकल पुलिस की मदद से संदेहियों की जानकारी प्राप्त की। जिसके बाद घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बालोद लाया गया।


