झारखंड में सहारा इंडिया समूह द्वारा गरीब निवेशकों के साथ करोड़ों रुपए की ठगी के मामले में झारखंड अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने एक और िगरफ्तारी की है। इस मामले में सीआईडी ने बोकारो के सहारा इंडिया के जोनल मैनेजर सुंदर झा को गिरफ्तार किया है। सुंदर झा की गिरफ्तारी मधुबनी के पंडोल से हुई, जहां से लेकर सीआईडी की टीम रांची पहुंची। न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इससे पहले रांची के जोनल मैनेजर संजीव कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। संजीव को भी कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, झारखंड के करीब ढाई लाख से अधिक निवेशकों के लगभग 32 हजार करोड़ रुपए की मैच्योरिटी राशि का भुगतान सहारा ने नहीं किया है। इस मामले में सीआईडी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीआईडी की जांच में खुलासा हुआ कि सहारा समूह ने न केवल निवेशकों के पैसे का दुरुपयोग किया, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के 2013 के आदेश की अवहेलना भी की। केस दर्ज कर सीआईडी कर रही है पूरे मामले की जांच सीआईडी अबतक कुल 10 केस दर्ज कर चुका है। फर्जीवाड़ा का यह मामला 30 नवंबर 2024 को सीआईडी थाने में दर्ज हुआ था। इस केस में सहारा प्रमुख सुब्रत राय (अब मृत), उनकी पत्नी स्वप्ना राय, भाई जयव्रत राय, बेटे सुशांतो व सीमांतो राय, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, नीरज कुमार पाल, सुंदर झा व संजीव कुमार के अलावा प्रमुख कंपनियां सहारा इंडिया क्रेडिट को-आपरेटिव सोसायटी लिमिटेड, और अन्य कंपनियों को आरोपित बनाया गया था। सहारा इंडिया रांची का जोनल मैनेजर संजीव पटना से हुआ था गिरफ्तार


