भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव की श्रृंखला और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत मिडिल स्कूल चनवारीडांड में बालिकाओं के लिए विशेष जागरूकता व प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना और उन्हें डिजिटल युग में सुरक्षित बनाए रखने कौशल और जागरूकता से सशक्त करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया से संबंधित संभावित खतरों और उनके बचाव के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही उन्हें आपातकालीन सेवाओं जैसे 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1930 साइबर फ्रॉड शिकायत हेल्पलाइन के बारे में भी अवगत कराया। बालिकाओं को बताया कि इन सेवाओं का उपयोग किसी भी आपात स्थिति में किया जा सकता है और ये नंबर उनके लिए त्वरित व प्रभावी सहायता का माध्यम हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण साइबर सुरक्षा पर निबंध प्रतियोगिता रहा। छात्राओं ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने विचारों के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा के प्रति अपनी समझ और दृष्टिकोण को प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता ने केवल बालिकाओं की जागरूकता का आकलन किया, बल्कि उन्हें और अधिक संवेदनशील और सतर्क भी बनाया। इस पहल ने छात्राओं के आत्मविश्वास को मजबूत किया और साथ ही सुरक्षित व जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग का स्पष्ट संदेश दिया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में जनसंपर्क विभाग की मासिक पत्रिका जनमन का वितरण भी किया। इस पत्रिका ने छात्राओं को शासन की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और जन कल्याणकारी गतिविधियों से अवगत कराया और उनके ज्ञान में वृद्धि की।


