छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में स्थित शासकीय सुखराम नागे महाविद्यालय में सांप मिलने से हड़कंप मच गया। बीएससी फर्स्ट ईयर की कक्षा क्रमांक 22 के गेट के ऊपर खिड़की में एक 3 फीट लंबा फॉरेस्टन कैट स्नेक लटका हुआ मिला। घटना दोपहर के समय की है। जब कुछ छात्र कक्षा से बाहर निकल रहे थे, तब उन्हें सरसराहट की आवाज सुनाई दी। ऊपर देखने पर छात्रों को सांप दिखाई दिया। छात्रों ने तुरंत कॉलेज के प्रोफेसर को इसकी सूचना दी। छात्रों की सूझबूझ से सांप को बाहर निकाला कुछ छात्रों ने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल दिया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। सांप को देखने के लिए कॉलेज में छात्रों की भीड़ लग गई थी। महाविद्यालय जंगल से घिरा हुआ है और नगरी के छिपली गांव में स्थित है। यहां आसपास के क्षेत्रों से छात्र पढ़ने आते हैं। छात्रों की मांग है कि कॉलेज परिसर में सांप-प्रतिरोधक दवाओं का छिड़काव किया जाए। इससे छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। हल्का जहरीला होता है फॉरेस्टन कैट स्नेक जानकारी के अनुसार, यह सांप फॉरेस्टन कैट स्नेक प्रजाति का था, जो हल्का जहरीला होता है और खतरा महसूस होने पर छलांग लगाकर डसने की कोशिश करता है।


