फरीदकोट में चोरी करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार:दुकानों के शटर तोड़कर सामान चुराया, दो गाड़ियां बरामद

पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस ने शनिवार को रात के समय दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोजपुर निवासी विलियम, जोरा बाबा, युवराज, अर्शदीप सिंह, शिवम उर्फ ​​शिबू ,आकाश और लुधियाना निवासी अमरीक सिंह उर्फ ​​अमेरिका और लवप्रीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों से 3 इन्वर्टर बैटरी, 1 इन्वर्टर, 1 एसी समेत स्टेपलर, 2 एलईडी और वारदात में प्रयोग एक स्कॉर्पियो और एक इनोवा कार के अलावा तेजधार हथियार भी बरामद किए हैं। इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी मनविंदरबीर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले फरीदकोट शहर में लाइन बाजार के पास कुछ दुकानों के शटर तोड़कर कर नकदी व सामान चोरी किया गया था। इन घटनाओं के संदर्भ में एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर एसपी संदीप वढेरा, डीएसपी तरलोचन सिंह की निगरानी में टीम गठित की गई, जिसके द्वारा तकनीकी इनपुट एवं खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 22 अगस्त की रात को इस गिरोह के 5 सदस्यों विलियम, जोरा बाबा, युवराज सिंह उर्फ ​​जग्गू, अर्शदीप सिंह और शिवम उर्फ ​​शिबू को दाना मंडी फरीदकोट से एक स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया। उनकी पूछताछ के आधार पर उनके 3 अन्य साथियों आकाश उर्फ ​​राजू, अमरीक सिंह उर्फ ​​अमेरिका और लवप्रीत सिंह को फिरोजपुर रोड से 1 इनोवा गाड़ी सहित गिरफ्तार किया गया। चोरी करने के कबाड़ के लिए आने वाली कारें मुहैया करवाता था अमरीक-एसपी
एसपी मनविंदर बीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अमरीक सिंह उर्फ ​​अमेरिका, कबाड़ वाहनों को नष्ट करने का काम करता है। जिसके द्वारा कबाड़ में आने वाली कारें चोरी करने के लिए इस गिरोह को मुहैया कराई जाती थीं और अपराध करने के बाद उन्हें वापस कर दिया जाता था। यह भी पता चला है कि इस गिरोह के सदस्यों ने विभिन्न जिलों में चोरियां की हैं और इनके खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, डकैती की तैयारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कुल 26 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि अब आरोपियों को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *