रोपड़ में शनिवार को युवक पर हमला करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना श्री आनंदपुर साहिब में 13 अगस्त को झिंजड़ी गांव के पास की है, जहां सैर कर रहे कुछ युवकों पर निहंग वेशभूषा में आए बदमाशों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। थाना श्री आनंदपुर साहिब के एसएचओ दानिशवीर सिंह के अनुसार, घटना के समय ग्रामीणों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। दूसरा आरोपी फरार हो गया था। पुलिस की लगातार कार्रवाई और छापेमारी के बाद फरार आरोपी मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गोरा सिंह निवासी गांव जाफियां कला, थाना नूरपुर बेदी, जिला रूपनगर को भी बीते दिन गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी। वारदात के पीछे की साजिश और अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। पुलिस के मुताबिक मामले की हर पहलू से जांच होगी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से ग्रामीणों को राहत मिली है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होंगी।


