शौक पूरा करने के लिए की एचडीएफसी बैंक में लूट,1.20 लाख की घोड़ी खरीदी

भास्कर न्यूज | अमृतसर शौक पूरे करने के लिए गन प्वाइंट पर बैंक में लूट करने वाले 2 लुटेरों को पुलिस ने 8 दिन के बाद काबू कर लिया है। लुटेरों को घोड़ी रखने का शौक था, जिस कारण 20 दिसंबर को शाम 3 बजे नवां पिंड के एचडीएफसी ब्रांच में गन प्वाइंट पर 3.96 लाख की लूट की थी। आरोपियों ने लूट के पैसों से घोड़ी, ट्राली और मोबाइल खरीदा था। थाना जंडियाला की पुलिस और सीआईए स्टाफ की टीम ने दोनों आरोपियों को काबू किया है, जिनकी पहचान लवप्रीत सिंह निवासी गांव सरहाली खुर्द और गुरनूर सिंह निवासी गांव कल्ला के रूप में हुई है। आरोपियों से 1 लाख रुपए, एक रिवॉल्वर, 5 जिंदा कारतूस, एक कार और 2 मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों की उम्र 26/27 साल है। देहाती एसएसपी चरणजीत सिंह ने बताया कि 20 दिसंबर को एचडीएफसी बैंक नवां पिंड जंडियाला में रिवॉल्वर दिखाकर आरोपियों ने 3 लाख 96 हजार 340 रुपए की लूट की थी। मामले में एसपी हरिंदर सिंह गिल, मुख्य अधिकारी थाना जंडियाला के नेतृत्व में एचडीएफसी बैंक मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। जिसके बाद सीआईए स्टाफ और जंडियाला पुलिस स्टेशन की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों का पता लगाया और उन्हें काबू किया। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए न केवल सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, बल्कि टे​िक्नकल टीम से भी सपोर्ट ली गई। जिसके बाद दोनों आरोपियों का काबू किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि इनके अन्य साथियों का भी पता लगाया जा सके। साथ ही इन दोनों अपराधियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने बैंक से लूटे पैसों से अपने शौक पूरे किए और घोड़ी, ट्राली और मोबाइल फोन खरीद लिया। वहीं कुछ पैसे उन्होंने बैंक में ठेका देने के लिए जमा करवाए गए थे, जिसे फ्रीज कर लिया गया है। आरोपी लवप्रीत ने 1 लाख 20 हजार रुपए की एक घोड़ी खरीदी, वहीं दूसरे आरोपी ने 50 हजार रुपए की ट्राली खरीदी और इसके अलावा 20 हजार रुपए का फोन खरीदा था। आरोपियों ने 15 हजार रुपए किसी को उधार भी दिए थे। इस मामले की अभी जांच चल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *