भास्कर न्यूज| भरतपुर शनिवार को सर्दी से आम जनजीवन प्रभावित रहा और दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से पूरे दिन धूप नहीं खिली। इस वजह सर्दी का अहसास ज्यादा ही रहा। मौसम में तापमान का उतार चढ़ाव फिर से देखने को मिला। अब दिन में ठंड बढ़ने से तापमान में 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग जयपुर ने 29 दिसंबर को घना कोहरा का यलो अलर्ट जारी किया है। बीती रात को बरसात होने के बाद ठंड बढ़ गई। लोग घरों से जरूरी काम से ही निकले और ज्यादातर घरों में कैद रहे। सर्दी के बचाव के लिए ऊनी व गर्म कपड़े पहने रहे। शीत लहर की वजह से लोगों ने अलाव जलाकर या रूम हीटरों के सहारे दिन गुजारा। इस दिन अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले 20 डिग्री रहा था और इस प्रकार अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले 0.02 कम यानि 12.5 डिग्री रहा था। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार रात बारिश का दौर चला। शनिवार को दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए और शीतलहर चली। शीतलहर चलने से पारे में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।इससे विजिबिलिटी भी 30 से 50 मीटर की रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन में उत्तरी हवाएं चलने से शीतलहर बढ़ेगी। कोहरे और ठंड से भरतपुर जिले का जनजीवन अस्तव्यस्त नजर आ रहा है। ठंड के कारण लोग घरों में दुबके नजर आये। बाजार भी सूने दिखाई दिए।


