लुधियाना में सोमवार को कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन साथी घायल है। जगराओं में भूंदड़ी गांव से चौकीमान लौट रहे चार युवक को गांव सवद्दी के पास कबाड़ से भरे कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय साहिल शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। साहिल अपने छोटे भाई साजन शर्मा, पवनजोत सिंह और गुरमुख सिंह के साथ बाइक पर सवार था। टक्कर में साजन के सिर पर गंभीर चोट आई है। उसे लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया है।पवनजोत सिंह और गुरमुख सिंह के पैरों व जांघों में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों को जगराओं के सुखवीन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर दिवांशु गुप्ता ने सोमवार शाम को उनका ऑपरेशन किया। पुलिस ने जगराओं सिविल अस्पताल में मृतक साहिल का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। घायल नौजवानों में से कोई भी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।


