जालंधर| श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के शहीदी साके की 350वीं शताब्दी को समर्पित रविवार को गुरुद्वारा सोढल छावनी निहंग सिंहां में बैठक की गई। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण की अगुवाई में आयोजित बैठक में शहर की समस्त सिंह सभाओं, सिख चढ़दी कला फ्रंट, पंजाब मिसल, शहीदां तरना दल, शेर-ए-पंजाब यूथ क्लब समेत विभिन्न धार्मिक सेवा सोसायटियों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। जत्थेदार मन्नण ने बताया कि शहर में बड़े स्तर पर शताब्दी को समर्पित धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर सिंह सभाओं की 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा। स्टेज सचिव रणजीत सिंह राणा ने बताया कि संगत के विभिन्न विचारों को जल्द ही कमेटी बनाकर अंतिम रूप दिया जाएगा., जिसमें विशेष तौर पर “गुरु तेग बहादुर हिंद दी चादर’ के बैनर तले लाइट एंड साउंड कार्यक्रम, धार्मिक कीर्तन दरबार तथा स्कूलों और अकादमियों के बच्चों के लिए शबद कीर्तन, आदि कार्यक्रम होंगे। धर्म प्रचारक दिलबाग सिंह ने बताया कि 16 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में गुरु साहिब की शहीदी शताब्दी को समर्पित लगभग 45 हजार सहज पाठों के भोग संगति रूप में डाले जाएंगे। बैठक में कुलदीप सिंह पायलट, संत बाबा हरि सिंह, संत बाबा सुखविंदर सिंह, रजिंदर सिंह मुल्तानी, जत्थेदार चरन सिंह, हरभजन सिंह सैनी, करनैल सिंह, गुरमीत सिंह बिट्टू, दिलबाग सिंह मौजूद रहे। बैठक में शामिल विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि।


