महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन, पूजन के लिए 30 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आएंगे। वे दोपहर में मंदिर आएंगे। यहां पर पूजन, अर्चन करेंगे। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा दल ने शनिवार को मंदिर परिसर में भ्रमण किया। प्रशासक अनुकूल जैन ने कहा कि दिसंबर के आखिरी दिनों और नव वर्ष के पहले सप्ताह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसे लेकर मंदिर में व्यवस्था करने में जुटे हैं। प्रयास है कि सुलभ दर्शन हो सकें। प्रवेश से लेकर निर्गम मार्ग तक हर प्रकार की सुविधा जुटाने का प्रयास करेंगे। नंदी हॉल में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के कारण गणेश और कार्तिकेय मंडपम् से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। जो लोग बाहर से आते हैं और सामान्य दर्शनार्थियों के रूप में गणेश मंडपम में दर्शन के लिए खड़े होते हैं उनके सामने नंदी हाल में खड़े भक्त, कर्मचारी अवरोध माने जाते हैं। ऐसे में नंदी हॉल में आने वाले भक्तों की संख्या सीमित कर दी है।


