गंभीर लापरवाही:62 साल के बुजुर्ग 5 फीट गहरे चैंबर में गिरे, हाथ और पैर में आई चोट

वार्ड 13 और 14 के पार्षद एक-दूसरे पर ढोलते रहे काम गोंसा दरवाजा इलाके में बोहरा जमातखाने के पास शुक्रवार शाम एक बुजुर्ग 5 फीट गहरे खुले चैंबर में गिर गए। गनीमत यह रही कि उस जमातखाने में उस समय लोग भोजन कर रहे थे। बुजुर्ग के गिरने की आवाज सुनकर जमातखाने में मौजूद लोग उन्हें बचाने पहुंचे व उन्हें चैंबर से निकाला। चैंबर कीचड़ और नाली के पानी से भरा हुआ था। 62 वर्ष के व्यवसायी शब्बीर भाई कापड़ीवाला ने बताया जमातखाने के पास स्थित मल्टी में उनका घर है। शुक्रवार शाम जमातखाने में आयोजित कार्यक्रम से निकलकर जैसे ही घर की तरफ बढ़े कि चैंबर पर लगी फर्सी पर पैर पड़ा और सीधा नीचे जा गिरे। पूरे क्षेत्र में अंधेरा था। साथ ही चैंबर के दूसरी ओर डीपी थी तो निकलने की जगह भी नहीं थी। चैंबर में पूरे क्षेत्र का गंदा पानी आता है। बुजुर्ग को इस दुर्घटना से हाथ, पैर समेत कई जगह चोट लगी है। घटना के बाद लोगों द्वारा तुरंत अस्पताल ले जाया गया। यहां उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। यह चैंबर जमातखाने के बिल्कुल सामने है और करीब 7 महीने से खुला पड़ा है। इसे लेकर पहले भी पार्षदों और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की जा चुकी है लेकिन चैंबर को कवर नहीं करवाया गया। जबकि जमातखाने होने के कारण यहां हमेशा लोगों का आना-जाना लगा रहता है और शाम के समय यहां की लाइट भी बंद रहती है। ऐसे में हादसा होने का डर हमेशा रहता है। खासकर छोटे बच्चों के लिए ताे यह खतरनाक ही है। पिछले 7 महीनों में हुई शिकायत पर भी निगम द्वारा काम नहीं करना बड़ी लापरवाही है। घायल बुजुर्ग कापड़ीवाला ने कहा कि मैं निगम अधिकारी व जिम्मेदारों से बोलना चाहूंगा कि इस चैंबर को जल्दी से सही करवाया जाए। ऐसी स्थिति में कोई और घायल न हो जाए। मेरी जान बाल-बाल बची है। अस्पताल से डिस्चार्ज हो गया हूं, लेकिन काफी अंदरूनी चोट आई है। दोनों पार्षद ने कहा- चैंबर मेरे वार्ड में नहीं
यह चैंबर गोंसा दरवाजे इलाके में हैं लेकिन वार्ड 13 और वार्ड 14 दोनों के पार्षद इसे अपने क्षेत्र से बाहर बता रहे हैं। रहवासियों ने बताया कि के उनका वार्ड 14 है और उनकी पार्षद शाहीन कुरैशी है लेकिन जब पार्षद से पूछा तो उन्होंने बताया कि यह चैंबर वार्ड 13 के पार्षद के कार्य क्षेत्र में है। इसी पर जब वार्ड 13 के पार्षद इमरान यूसुफ खान से पूछा तो उन्होंने बताया कि उस क्षेत्र का भाग मेरे वार्ड में आता है पर यह चैंबर मेरे कार्य क्षेत्र में नहीं है। दोनों ही पार्षद इसे अपने कार्यक्षेत्र के बाहर बता रहे हैं। ऐसे में इस काम काे करने के लिए कौन जिम्मेदार हाेगा। बोर्ड की असफलता के चलते कोई टेंडर नहीं लेता- पार्षद
दोनों पार्षद शाहीन व यूसुफ ने निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया। दोनों ने कहा कि भले ही चैंबर हमारे कार्य क्षेत्र में नहीं आता पर यहां कार्य करवाने के लिए निगम में आवेदन दिया है लेकिन इस बार कोई निर्माण या संधारण कार्य नहीं हो रहा। हमने अपनी जिम्मेदारी से आवेदन दिए लेकिन कोई टेंडर लेने ही तैयार नहीं, यह तो इस बार के बोर्ड की असफलता है। चैंबर की जानकारी ली जाएगी जानकारी नहीं थी। बता दीजिए इसे आज ही देखकर सही करवाया जाएगा। यह चैंबर सही क्यों नहीं हुआ, इस पर भी जानकारी ली जाएगी।
– प्रकाश शर्मा, जलकार्य व सीवरेज प्रभारी, ननि

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *