भास्कर न्यूज | हजारीबाग / चरही हजारीबाग पुलिस ने शुक्रवार की रात एक ट्रेलर में लदा 40 प्लास्टिक की बोरी में 606 . 30 किलोग्राम डोडा बरामद किया है। एसपी अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि इसका मूल्य अनुमानित एक करोड़ है। इसके पूर्व गुरुवार की रात पुलिस ने चरही थाना क्षेत्र से डेढ़ करोड़ से अधिक मूल्य के स्प्रिट को बरामद करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। एसपी ने बताया कि इस मामले में ट्रेलर संख्या (आरजे 19 जीएफ 3583) के चालक राजस्थान के बाड़मेर जिला अंतर्गत धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के लोहारवा निवासी रमेश कुमार राम और उपचालक राजस्थान के पाली जिला अंतर्गत जेतपुर थाना क्षेत्र के वायद निवासी सुरेश वैश्नोई को गिरफ्तार कर लिया गया है। वही ट्रेलर और उस पर लदे डोडा ( पोस्ता की भूसी) को जब्त कर लिया गया। एसपी ने बताया कि वह ट्रेलर टाटा से स्टील का प्लेट लेकर चला था। रास्ते में खूंटी के जंगल में डोडा लोड कर लिया गया। इसकी सूचना हमें मिल गई । एक टीम गठित की, जैसे ही ट्रेलर चरही घाटी के पास पहुंचा टीम उसे रोकने का कोशिश की, तो टेलर के चालक और उपचालक वाहन छोड़कर भागने लगे ,जिन्हें खदेड़ कर पकड़ा गया । जब टेलर की जांच हुई तो भारी मात्रा में डोडा बरामद हुआ। एसपी ने कहा कि चालक और उपचालक के मोबाइल का डिटेल खंगाला जा रहा है ।किसके निर्देश पर चालक और उपचालक काम कर रहे थे उसकी पहचान की जा रही है । एसपी ने कहा कि टीम ने बेहतर काम किया है दो बड़ी उपलब्धि को लेकर टीम को रिवॉर्ड दिया जाएगा। इस टीम में एसडीपीओ के नेतृत्व में थाना प्रभारी गौतम कुमार ,सब इंस्पेक्टर प्रभु नारायण राम, हवलदार अनिल रजक, आरक्षी प्रेम कुमार ,संतोष कुमार, सत्येंद्र कुमार, चालक आरक्षी सतीश कुमार सिंह और रिजर्व बल की अहम भूमिका रही है। कहां लोड और अनलोड होता है हम सब नहीं जानते, हमको उतार कर चाबी ले ली : चालक चालक और उपचालक ने बताया कि वह जैसे ही स्टील का प्लेट लेकर टाटा से चले उनके पीछे-पीछे एक कार भी चल रही थी। जिसमें तीन से चार लोग सवार थे। खूंटी पहुंचते ही चालक के मोबाइल में एक फोन आया और कहा गया की पीछे आ रही कार वालों को चाभी सौंप दो और ट्रेलर को खड़ा करके तुम किसी दूसरी गाड़ी से ओरमांझी चले जाओ । मैंने ट्रेलर रोक कर उन्हें चाबी दे दी और दूसरे वाहन से ओरमांझी पहुंचकर ट्रेलर पहुंचने का इंतजार करने लगा। कार पर सवार चार लोगों में एक व्यक्ति ट्रेलर लेकर कहीं चला गया। कुछ घंटे बाद ओरमांझी में उक्त लोगों ने ट्रेलर का चाभी मुझे दे दिया और वह लौट गए। कहा गया कि राजस्थान पहुंचने पर जहां फोन पर निर्देश मिलेगा, वहां चला जाना है। चालक उप चालक ने कहा कि यह कारोबार निरंतर जारी है और इसी प्रक्रिया के तहत बराबर खूंटी से डोडा राजस्थान ले जाया जाता है। वहां पहुंचने पर भी अनजान व्यक्ति ट्रेलर को लेकर कहीं चला जाता है फिर वापस लाकर ट्रेलर दे देता है कहां लोड और अनलोड होता है हम सब नहीं जानते हैं।


