जेठोवाल की ज्ञानी हरप्रीत सिंह को श्री अकाल तख्त पर तलब करने की मांग

भास्कर न्यूज | अमृतसर धार्मिक नेता बलविंदर सिंह जेठोवाल ने श्री अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार एवं नए शिरोमणि अकाली दल के प्रधान ज्ञानी हरप्रीत सिंह को अकाल तख्त पर तलब करने की मांग की है। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को मंगलवार को दी गई शिकायत में बलविंदर सिंह एवं अन्य ने ज्ञानी हरप्रीत सिंह पर शिरोमणि अकाली दल बादल को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सोची समझी साजिश के तहत पूर्व अकाली मंत्री प्रेम सिंह चंदू माजरा, परमिंदर सिंह, बीबी जागीर कौर, सुरजीत सिंह रखड़ा इत्यादि नेताओं के साथ मिलकर सुखबीर बादल को अकाल तख्त पर पेश करवाने के लिए जुलाई 2024 में साजिश रची थी। इसी साजिश के तहत अकाली दल को नुकसान पहुंचाने के लिए सुखबीर बादल को अकाल तख्त पर तलब कर 2 दिसंबर 2024 को धार्मिक सजा सुनाई गई। इसके लिए पूर्व ज्ञानी रघुवीर सिंह का भी गलत इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त 2025 को अकाली नेता हरचंद सिंह लोंगोवाल की बरसी पर आयोजित समागम में खुद चंदू माजरा ने सार्वजनिक तौर से इसका खुलासा किया है कि उन्होंने ज्ञानी हरप्रीत सिंह को जुलाई की मीटिंग के दौरान बादल को अकाल तख्त पर पेश करवाने की अपील की थी, क्योंकि उस समय जुलाई 2024 के दौरान ज्ञानी हरप्रीत सिंह अकाल तख्त के जत्थेदार थे, इसलिए इस साजिश को बड़े आराम से लागू कर दिया गया। इसके बदले में बीबी जागीर तथा अन्य बागी अकाली नेताओं ने ज्ञानी हरप्रीत सिंह को नए अकाली दल का गठन कर प्रधान बनाने का वादा उसी दिन कर दिया गया था। बलविंदर सिंह ने इन आरोपों के चलते ज्ञानी हरप्रीत सिंह, चंदू माजरा, बीबी जागीर कौर और अन्य को अकाल तख्त पर तलब करने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *