सुल्तानपुर में नवंबर माह के अंत में पांच साल के मासूम अमितेश की हत्या हुई थी। उसका शव गड्ढे में पाया गया था। 16 वर्षीय एक किशोर को पुलिस ने पकड़ा, जिसने पुलिस को बताया कि खेलने के दौरान धक्का लगने से अमितेश गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया, और उसकी मौत हो गई। पुलिस को हत्याकांड के खुलासे में 33 दिन लग गए। घर से 500 मीटर दूर गड्ढे में मिला था शव
दरअसल, गोसाईगंज थाना अंतर्गत अर्जुनपुर गांव निवासी देवी सहाय का पांच वर्षीय बेटा अमितेश 26 नवंबर की दोपहर मदारी का खेल देखने बच्चों के साथ गांव में गया था। जहां से वह अचानक गायब हो गया। बच्चे की मां पूजा ने गोसाईगंज थाने में बेटे के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। अगले दिन 27 नवंबर की दोपहर अमितेश का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर से 500 मीटर दूर बरौंसा-पापरघाट मार्ग पर बेलहरी में चौरासी बाबा आश्रम गेट के आगे सरपत के झुरमुट के बगल स्थित गड्ढे में पाया गया था। मृतक बच्चे की मां ने लिखाया था मुकदमा
मां पूजा ने 29 नवंबर को गांव के एक किशोर पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने से पुलिस ने गहनता पूर्वक जांच शुरू की। पुलिस की जांच में सारे साक्ष्य आरोपित किशोर के विरुद्ध पाए गए। पूछताछ में हत्यारोपित किशोर ने बताया कि वह अमितेश को साइकिल पर बैठाकर खेलने के लिए निकला था। खेलने के दौरान धक्का लगने से अमितेश गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया। बाल सुधार गृह भेजा गया आरोपित
उसने आगे बताया कि डर की वजह से उसने घटना की जानकारी किसी को नहीं दिया। थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपित ने घटना को स्वीकार किया है। आरोपित बाल अपचारी है, उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे बाल सुधार गृह अयोध्या भेजने की कार्रवाई की गई।


