अमृतसर और अजनाला में आज यानी बुधवार को धूसी बांध टूटने से गांवों में पानी घुस गया, जिससे कई लोग घरों में फंस गए। फिलहाल प्रशासन की ओर से उन्हें नाव से रेस्क्यू किया जा रहा है। वहीं डीसी साक्षी साहनी खुद पानी में उतरी हैं और मंत्री व विधायक भी मौके पर पहुंचे हैं। जम्मू कश्मीर की तरफ से छोड़े गए लाखों क्यूसेक पानी के कारण अमृतसर के कस्बा अजनाला से सटे हुए रावी दरिया का धुस्सी बाध प्रशासन की लाख कोशिशें के बावजूद कई स्थानों पर टूट गया, जिससे आसपास के इलाके में पानी भरना शुरू हो गया है। हालात का जायजा लेने के लिए अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी, एडीसी रोहित गुप्ता व अन्य प्रशासनिक अधिकारी खुद पानी में उतर गए हैं और एनडीआरएफ की टीमों व बचाव कार्यों में लगी टीमों का हौसला बढ़ा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात को ही रावी नदी में लगभग चार लाख क्यूसेक पानी बह रहा था जो की देर रात को और ज्यादा बढ़ गया। 15 गांवों में पानी घुसा
धूसी बांध की सही रिपेयर न होने के कारण वह पानी के इतने ज्यादा बहाव को नहीं सह सका और काफी जगहों से टूट गया। जिससे अजनाला, रामदास के घोनेवाल गांव के आसपास के तकरीबन 15 गांवों में पानी घुस गया। बहुत से लोग पहले हो निकल चुके थे लेकिन फिर भी हर गांवों में तकरीबन 4 से 5 परिवार फंसे हुए हैं, जिन्हें प्रशासन रेस्क्यू कर रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक हालात में खड़ी फसलों और आसपास के इलाकों में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंचे विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया वो तीन दिन से मौके पर हैं और तैयारी कर रहे हैं। बहुत लोगों को पहले ही रेस्क्यू किया जा चुका है। उनका पहले यही लक्ष्य है कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। इस दौरान कैबिनेट मिनिस्टर हरभजन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


