बलौदाबाजार में गंगरेल बांध से निकलने वाली लवन शाखा नहर के टेल एरिया में सिंचाई का संकट गहरा गया है। पिछले 15 दिनों से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इस मुद्दे को लेकर विधायक संदीप साहू ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की। उन्होंने नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी छोड़ने की मांग की है। भवानीपुर, बम्हनी, चरौदा और दतरंगी के किसानों का कहना है कि पानी की कमी से खेत सूख रहे हैं। फसलों के नष्ट होने का खतरा बना हुआ है। जल संसाधन विभाग की स्थिति भी चिंताजनक है। 2 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र की सिंचाई की जिम्मेदारी केवल 22 कर्मचारियों पर है। इनमें 3 एसडीओ, 7 सब इंजीनियर और 12 श्रमिक शामिल हैं। मंगलवार को भवानीपुर के किसानों ने एसडीओ सूरज वर्मा को टेल एरिया की सूखी नहर और खेत दिखाए। नहर काटकर पानी की चोरी कर रहे किसान जिला पंचायत सदस्य रवि बंजारे ने बताया कि ऊपरी इलाकों के किसान नहर काटकर पानी की चोरी कर रहे हैं। विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। वर्ष 1996-97 से मस्टररोल पर नियुक्ति बंद है। करीब 1200 श्रमिकों की सेवानिवृत्ति के बाद से सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह से किसानों पर निर्भर है। विधायक संदीप साहू ने अधिकारियों से तत्काल खेतों तक पानी पहुंचाने को कहा है। उन्होंने मनरेगा के तहत श्रमिकों की नियुक्ति और विभागीय मद से नहरों की मरम्मत की मांग की है। विधायक ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द किसानों के खेतों में पानी नहीं पहुंचा तो वे आंदोलन करेंगे।


