छत्तीसगढ़ के धमतरी में मंगलवार की रात आकाशीय बिजली गिरने से एक कोचिंग संस्थान को नुकसान पहुंचा है। जोधपुर स्कूल के सामने स्थित एकलव्य इंस्टीट्यूट में रात करीब 11 बजे बिजली गिरी। इससे संस्थान की छत में 12 इंच चौड़ी दरार पड़ गई। इंस्टीट्यूट के संचालक करण साहू ने बताया कि, बिजली गिरने से छत के ऊपर और नीचे दोनों तरफ नुकसान हुआ है। संस्थान में लगे चार पंखे और एक एसी भी खराब हो गई। घटना के समय संस्थान में कोई कक्षाएं नहीं चल रही थीं और केवल संचालक ही मौजूद थे। बिजली कड़कने से 8 पंखे खराब हो गए इस दौरान शहर के अन्य इलाकों में भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। लालबगीचा वार्ड में बसंत शांडिल के घर और आसपास के क्षेत्र में बिजली कड़कने से लगभग आठ पंखे खराब हो गए। कुछ घरों में टीवी भी प्रभावित हुए हैं। देर रात गरज-चमक के साथ हुई बारिश मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया। इसके बाद तेज बारिश शुरू हुई, जो रात 1 बजे तक जारी रही। गरज-चमक के साथ हुई इस बारिश ने शहर में कई जगह नुकसान पहुंचाया है।


