रांची| राष्ट्रीय खेल दिवस को लेकर राजधानी रांची में 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय खेल उत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान शहर के विभिन्न स्टेडियम और मैदानों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम की जानकारी खेल निदेशक शेखर जमुआर ने बुधवार को खेल निदेशालय मोरहाबादी में दी। उन्होंने बताया कि उत्सव में एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, बैडमिंटन और तैराकी प्रतियोगिताएं होंगी। इन खेलों में राज्य के डे बोर्डिंग सेंटर, आवासीय केंद्र, सेंटर फॉर एक्सीलेंस, खेलो इंडिया सेंटर और साई सेंटर से लगभग 1100 खिलाड़ी और करीब 40 तकनीकी पदाधिकारी तथा सपोर्ट स्टाफ हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल मंत्री सुदिव्य कुमार मोरहाबादी स्थित हॉकी स्टेडियम में करेंगे। वहीं, समापन समारोह भी 31 अगस्त को भी इसी स्टेडियम में होगा। उत्सव के दौरान पारंपरिक खेलों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसे सभी जिलों में जिला खेल पदाधिकारी संचालित करेंगे, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। तीन करोड़ के पुरस्कार खेल निदेशक ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में खेल नीति 2024-25 के तहत खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान तीन करोड़ से अधिक की राशि का नगद पुरस्कार के रूप में वितरित की जाएगी। इसमें से 39 लाख रुपए बेहतर प्रशिक्षकों को दिए जाएंगे। साथ ही कई खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अगले माह से पूरे राज्य में टैलेंट हंट कार्यक्रम चलाया जाएगा।


