ये मेरा दीवानापन है…मुकेश की याद में बनाई उनके गानों-तस्वीरों की वेबसाइट

भारतीय संगीत के स्वर्ण युग के महान गायक मुकेश चंद्र माथुर, जिन्हें करोड़ों लोग ‘मुकेश’ के नाम से जानते हैं, की पुण्यतिथि पर एक प्रशंसक ने उन्हें अनोखी श्रद्धांजलि दी है। झारखंड जैव विविधता बोर्ड के पीसीसीएफ और सदस्य सचिव, संजीव कुमार ने मुकेश को समर्पित एक विशेष वेबसाइट बनाई है, जो इस महान कलाकार के जीवन और उनकी कला को समर्पित है। संजीव कुमार खुद मुकेश के एक बड़े प्रशंसक हैं। कहते हैं कि वह बचपन से ही उनकी आवाज़ के दीवाने रहे हैं। उनके पास मुकेश के लगभग सभी गीतों का संग्रह है। यह वेबसाइट केवल गीतों का संग्रह नहीं, बल्कि मुकेश की विरासत को संजोने और दुनिया के साथ साझा करने का एक प्रयास है। वे उनके गाने गाते भी हैं। महान गायक की विरासत नई पीढ़ी तक पहुंचेगी संजीव कुमार ने बताया कि वेबसाइट मुकेश की अविस्मरणीय आवाज़ को फिर से सुनने का विनम्र प्रयास है। यह उन यादों व भावनाओं को ताज़ा करती है जो उनके गीतों ने लाखों लोगों के दिलों में पैदा की हैं। यह वेबसाइट केवल एक डिजिटल संग्रह नहीं, बल्कि ऐसा मंच है जहां प्रशंसक आपस में जुड़ सकते हैं, उनके गानों पर चर्चा कर सकते हैं, और मुकेश की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद कर सकते हैं। यह वेबसाइट बताती है कि मुकेश सिर्फ एक गायक नहीं थे, बल्कि ऐसी भावना थे जो हमारी संस्कृति और संगीत में जीवित है। 1000 गाने, वीडियो व ऑडियो क्लिप्स भी उपलब्ध वेबसाइट पर मुकेश के जीवन से जुड़ी ढेर सारी जानकारी, उनके गायन करियर की प्रमुख उपलब्धियां और उनके जीवन से जुड़े रोचक तथ्य शामिल हैं। यहां उनके 1000 से अधिक गीतों का उल्लेख है, जिसमें ‘कभी कभी मेरे दिल में’ और ‘जीना यहां मरना यहां’, ‘ये मेरा दीवानापन है’ जैसे दिल को छू लेने वाले सदाबहार नगमे भी शामिल हैं। इसके अलावा, वेबसाइट में मुकेश की दुर्लभ तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप्स भी उपलब्ध हैं, जो उनके प्रशंसकों के लिए एक खजाना हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *