भास्कर न्यूज | लुधियाना टेक्सटाइल और पेपर क्षेत्र में अग्रणी ट्राइडेंट ग्रुप को इंडियाज बेस्ट डिज़ाइन अवार्ड्स (आईबीडीए) 2025 में ‘बेस्ट इन-हाउस स्टूडियो’ का खिताब मिला। साथ ही इसे ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम (जीओएटी) अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। यह विशेष सम्मान उन स्टूडियोज को दिया जाता है जिन्होंने कई बार ‘बेस्ट डिज़ाइन स्टूडियो’ का पुरस्कार जीता हो। ट्राइडेंट ने यह उपलब्धि 2021, 2022, 2023 और 2025 में यह खिताब जीतकर हासिल की।यह सम्मान डिजाइन इंडिया शो के 10वें संस्करण में प्रदान किया गया, जिसमें देश के शीर्ष डिज़ाइन विशेषज्ञों ने भाग लिया। ट्राइडेंट का इन-हाउस डिज़ाइन स्टूडियो 50 से अधिक डिजाइनरों की टीम है, जिनमें एनआईडी, एनआईएफटी और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से प्रशिक्षित विशेषज्ञ शामिल हैं। यह टीम स्थायित्व, कहानी कहने की कला और वैश्विक ट्रेंड रिसर्च को मिलाकर उपभोक्ताओं के लिए आकर्षक उत्पाद तैयार करती है। इनकी विशेषज्ञता ट्रेंड फोरकास्टिंग, सरफेस पैटर्न, प्रिंट क्रिएशन, प्रोडक्ट इनोवेशन और विज़ुअल स्टोरीटेलिंग तक फैली है। स्टूडियो के कुछ प्रमुख प्रोजेक्ट्स में वसंत कलेक्शन, भारत टैक्स प्रोजेक्ट और प्रकृति कलेक्शन शामिल हैं। ट्राइडेंट, जो टेरी टॉवेल्स का दुनिया का सबसे बड़ा निर्माता है, टेक्सटाइल, पेपर, केमिकल और एनर्जी क्षेत्रों में नए मानक स्थापित कर चुका है। यह पुरस्कार ट्राइडेंट की डिज़ाइन, इनोवेशन और स्थायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जिसने इसे भारत के डिज़ाइन और निर्माण क्षेत्र का अग्रणी बना दिया है।


