भास्कर न्यूज|अमृतसर पार्षद विक्की दत्ता ने अपने वार्ड-56 में कैंप लगवाकर 87 डिफॉल्टरों से 3,27,258 रुपए प्रॉपर्टी टैक्स निगम के खाते में जमा करवाया। जिसमें उन्होंने खुद अपना भी करीब 1 लाख रुपए टैक्स पिछला बकाया निगम को दिया है। इसके अलावा साल 2025-26 का टैक्स भी भुगतान किया जिसमें 10 फीसदी की रिबेट मिली है। इस तरह का इनीशिएटिव 85 वार्डों के पहले ऐसे पार्षद ने लिया है। इसी तरह से हर पार्षद अपने वार्डों में निगम अफसरों से संपर्क करके विशेष कैंप लगवाए तो ओटीएस स्कीम का लाभ मिलने के साथ ही सरकार के राजस्व में वृद्धि होगी। पार्षद विक्की ने बताया कि अपने वार्ड में लोगों को स्कीम का लाभ उठाने के बारे जागरूक कर रहे हैं। लोगों को टैक्स जमा करवाने से पहले सबके सामने अपना बकाया भुगतान कराया है। वार्डवासियों की तरफ से अब उनके पास फोन आ रहे कि दोबारा से कैंप लगवाएं ताकि जो लोग रह गए हैं, वह भी अपना बकाया जमा करवा सकें। जिस पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि मेयर जतिंदर मोती भाटिया और निगम कमिश्नर बिक्रमजीत शेरगिल से बात करके दोबारा कैंप लगवाएंगे। साथ ही सरकार तक अपनी बात पहुंचाएंगे कि ओटीएस स्कीम का लाभ लेने की समय सीमा अभी और बढ़ाई जाए। ताकि कोई भी वंचित नहीं रहे। उनके संपर्क में कोई भी आता है तो इस स्कीम के बारे बताकर प्रॉपर्टी टैक्स बकाया भुगतान करने के लिए प्रेरित करते हैं। स्कीम के तहत 2013-14 से अब तक के जुर्माना-ब्याज से पूरी छूट मिल रही है। फिलहाल के लिए 31 अगस्त तक लोग इसका लाभ उठा सकते हैं। इस मौके पर दीपक शर्मा, सुभाष दत्ता, राजू व अन्य मौजूद रहे।


