भास्कर न्यूज | जशपुरनगर बुधवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर में जगह-जगह भव्य पंडालों में गणपति की स्थापना हुई। दो पंडाल शहरवासियों के लिए आकर्षण का केन्द्र हैं। महाराजा चौक में 10 फीट ऊंची लंबोदर महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसी तरह यंग तिरंगा क्लब द्वारा बस स्टैंड के बलराम मंच पर कुटिया नुमा पंडाल तैयार कर 14 फीट ऊंची बाल गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। महाराजा चौक व बलराम मंच पर गणपति की मूर्ति को पंडाल तक पहुंचाने का कार्यक्रम भी काफी भव्य था। यंग तिरंगा के क्लब के सदस्यों ने डीजे के साथ गणपति का काफिला निकाला। डीजे पर गणेश वंदना चलाया गया और काफिले में काले रंग की थार और स्कॉर्पियों को शामिल किया गया था। गणपति के जयकारों के साथ बाल गणेश की प्रतिमा को पंडाल तक पहुंचाया गया। इधर एकता क्लब के सदस्यों ने महाराजा चौक में भजन संध्या का आयोजन किया था। जब पंडाल के नजदीक लंबोदर की प्रतिमा लाई गई शानदार आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा था। स्थापना के लिए निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहर के लगभग सभी पंडालों में गणेश की स्थापना पूरे दस दिनों के लिए की गई है। दस दिनों तक शहरवासी गणपति की भक्ति में लीन रहेंगे। इन जगहों पर भी सजे हैं भव्य पंडाल महाराजा चौक और बस स्टैंड के अलावा शहर के संगम चौक में संगम सेवा समिति, मिलन चौक, मधुबनटोली, कदमटोली, करबला रोड, जैन मंदिर रोड, डीपाटोली, सरनाटोली, तेलीटोली, विवेकानंद कॉलोनी, नवाटोली, बाधरकोना, बांकीटोली, गम्हरिया, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जिला अस्पताल के पास पंडाल तैयार कर गणपति की स्थापना की गई है। घरों-घर में विराजित हुए विघ्नहर्ता, हुए अनुष्ठान शहर के हजारों लोगों ने अपने-अपने घरों में विघ्नहर्ता की स्थापना की है। शहर में दरबारी टोली के संगम चौक, बाजारडांड़ के कीर्तन भवन और लक्ष्मीगुणी मंदिर परिसर में गणपति की मूर्तियों का निर्माण हुआ है। घर में विराजित करने के लिए छोटे आकार की मूर्ति तीनों मूर्तिकारों ने बनाई थी। कीर्तन भवन में करीब 400, दरबारी टोली से 700 और लक्ष्मीगुणी मंदिर से 300 से अधिक छोटी मूर्तियां बिकी हैं।


