भास्कर न्यूज | जांजगीर थाना अकलतरा क्षेत्र के कल्याणपुर में 24 अगस्त की रात करीब 1 बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक आरोपी ने घर में घुसकर महिला से मंगलसूत्र लूटने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान चेतन महंती (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 38, थाना जीआरपी भिलाई-3, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी रात के अंधेरे में राकेश दास के घर में घुसा, जहां उसकी मां बरामदे में सो रही थी। आरोपी के हाथ में हंसिया था और वह महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की कोशिश कर रहा था। महिला के चिल्लाने पर घर के अन्य परिजन जाग गए। घटना के दौरान आरोपी ने हंसिया महिला के गले पर रखकर धमकी दी कि अगर कोई पास आया तो वह उसका गला काट देगा और सभी को जान से मार देगा। इस घटना से पीड़ित परिवार डर और दहशत में आ गया। महिला ने किसी तरह खुद को बचाते हुए शोर मचाया, जिससे मोहल्ले के लोग जमा हो गए। लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस एवं डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।


