बुरहानपुर में रेलवे स्टेशन नेपानगर को अमृत भारत स्टेशन स्कीम में शामिल किया गया है। 14 महीने पहले ही 22 करोड़ रुपए की लागत से कायाकल्प का काम शुरू हो चुका है। काफी काम भी पूरा हो गया है। अब एक और रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने वाला है। इससे पहले शनिवार को 29 हजार लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी तोड़ी गई। आरपीएफ थाने के पास टीनशेड भी हटाए गए हैं। ओवरब्रिज के साथ दो लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव भी है, जिससे बुजुर्ग यात्रियों को सुविधा होगी। गौरतलब है कि एक ब्रिज बुरहानपुर की ओर जीआरपी चौकी के पास है, जो सालों पुराना है। जबकि नया ओवरब्रिज खंडवा की ओर प्रस्तावित है। इसका एक छोर आरपीएफ चौकी के पास से सामने की ओर जाकर सीवल रोड पर पुलिया के पास से निकलेगा। साथ ही यहां दो लिफ्ट भी लगाई जाएगी। टंकी को डिस्टमेंटल करने में दो-तीन दिन लग सकते हैं
रेलवे सूत्रों के अनुसार करीब तीन चार दिन के अंदर ही ब्रिज का काम चालू कर दिया जाएगा। इससे पहले यहां टीनशेड हटाने और पानी की टंकी तोड़ने का काम पूरा कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि लोहे का ब्रिज पहले से ही तैयार करा लिया गया है। उसे यहां लाकर गड्ढे खोदकर जमीन में स्थापित करने का काम कराया जाना है। अभी पुरानी पानी की टंकी को पूरी तरह डिस्टमेंटल करने में दो तीन दिन का समय लग सकता है। पीएम मोदी ने किया था वर्चुअली भूमिपूजन
नेपानगर रेलवे स्टेशन पर 22 करोड़ की लागत से स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। इसका भूमिपूजन 6 अगस्त 23 को वर्चुअली तरीके से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इससे करीब एक माह बाद काम चालू हुआ था। अब यह काम काफी पूरा हो चुका है।


