छत्तीसगढ़ के मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री बने राजेश अग्रवाल का गुरुवार को सरगुजा आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। संस्कृत, पर्यटन और धर्मस्व मंत्री का प्रभार ग्रहण करने के बाद वे अंबिकापुर पहुंचे। सरगुजा की सीमा से लेकर तारा और अंबिकापुर तक विभिन्न जगहों पर उनका आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया। अंबिकापुर शहर में भी स्वागत रैली निकाली गई। भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री अग्रवाल ने कहा कि वे जनता की भलाई के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे। मंत्री राजेश अग्रवाल के सरगुजा आगमन पर तारा, डांडगांव, उदयपुर, नावापारा, लखनपुर, लहपटरा, मेंड्राकला और भिट्ठीकला में उनका भव्य स्वागत किया गया। अंबिकापुर की सीमा पर बिलासपुर चौक में स्वागत के बाद एक रैली निकाली गई, जो हनुमान मंदिर चौक, हॉस्पिटल चौक, अग्रसेन चौक, जय स्तंभ चौक, सदर रोड, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड और विवेकानंद घड़ी चौक होते हुए भाजपा कार्यालय संकल्प भवन पर समाप्त हुई। रास्ते में भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं सहित सामाजिक संगठनों के लोगों ने फूल-मालाओं, पटाखों और ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। मंत्री बोले-जनता की भलाई के लिए 24 घंटे काम भाजपा कार्यालय में पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि सरगुजा की आम जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित है। आम जनता की भलाई के लिए 24 घंटे काम करूंगा, आम जनता की सेवा ही मेरा संकल्प है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की बड़ी जवाबदेही मिली है। संगठन का कार्यक्रम नहीं, कार्यकर्ताओं में उत्साह
मंत्री राजेश अग्रवाल के स्वागत के लिए भाजपा सरगुजा ने अलग से कोई स्वागत का कार्यक्रम जारी नहीं किया था। दो दिनों पूर्व भाजपा के प्रदेश महामंत्री बने अखिलेश सोनी के स्वागत के लिए भाजपा ने अलग से कार्यक्रम जारी किया था। इसके बावजूद स्वागत में कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह दिखा। कई स्थानों पर मंत्री राजेश अग्रवाल को लड्डुओं से तौला गया। स्वागत कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित ललन प्रताप सिंह, ननि सभापति हरमिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एव कार्यकर्ता शामिल हुए।


