बलौदाबाजार के कसडोल विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई की समस्या गहरा गई है। टेल एरिया के किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इस मुद्दे पर विधायक संदीप साहू के नेतृत्व में 50 गांवों के 300 से अधिक किसान अधिकारियों से मुलाकात की। साथ ही समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। कलेक्टर दीपक सोनी के कार्यालय में नहीं होने के कारण किसानों ने वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। विधायक संदीप साहू ने सिंचाई विभाग की व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विभाग के पास न तो पर्याप्त कर्मचारी हैं और न ही वे टेल एरिया तक पानी पहुंचाने में सक्षम हैं। सर्किट हाउस में हुई बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर और विभागीय अधिकारियों ने 5 दिन में टेल एरिया तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया। विधायक ने अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर भी सिंचाई की व्यवस्था करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर 5 दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। विधायक ने कही ये बातें विधायक संदीप साहू ने सिंचाई संकट को हल करने के लिए अधिकारियों को ठोस और कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने मांग की कि केवल सिंचाई विभाग पर निर्भर न रहते हुए अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जाए, ताकि नहरों के रखरखाव और पानी के वितरण पर लगातार नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग करें और नहरों को काटने या पानी चुराने वाले के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई करें। उनका जोर था कि यह एक गंभीर स्थिति है और इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया की तरह नहीं देखा जा सकता।


