चास थाना में गुजरात कॉलोनी में हुई मारपीट के मामले में परस्पर विरोधी प्राथमिकी दर्ज हुई है। एक पक्ष के भोजपुर कॉलोनी निवासी वेदप्रकाश ने कहा है कि 25 अगस्त की शाम में भाई विजय प्रकाश को प्रियांशु कुमार ने पुराने विवाद को लेकर मारपीट किया। सुबह इस मामले में पूछताछ करने और शिकायत करने रामनगर कॉलोनी प्रियांशु के घर गए तो, प्रियांशु, उसके पिता, चाचा व दोनों भाई ने मिलकर गाली गलौज किया और मारपीट किया, जिससे उनका हाथ टूट गया। वहीं दूसरे पक्ष के रामनगर कॉलोनी निवासी गोपाल साह ने पूर्व में ही आवेदन देकर भोजपुर कॉलोनी निवासी विजय यादव और ओमप्रकाश यादव सहित कुछ अन्य युवकों पर अपना बेटा विराज कुमार का अपहरण कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। सूचक ने कहा है कि मेरा बेटा अपने दोस्तों के साथ बाजार से सब्जी लेकर घर आ रहा था, इसी क्रम में विजय यादव, ओमप्रकाश यादव, शशांक सिंह सहित अन्य ने मेरा बेटा को जबरन पकड़कर भोजपुर कॉलोनी स्थित गरगा नदी किनारे ले जाकर मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह जान बचाकर मेरा बेटा लहूलुहान होकर घर पहुंचा। पुलिस दोनों पक्षों का मामला दर्ज कर छानबीन और आगे की कार्रवाई में जुटी है।


