छात्रा को पार्सल मिले बगैर डिलीवर होने का मैसेज भेजकर फंसाया रांची | शॉपिंग ऐप से ऑर्डर करने के बाद एक छात्रा को प्रोडक्ट मिले बगैर ही उसके फोन में डिलीवर होने का मैसेज आ गया। इसके बाद कस्टमर केयर में फोन किया, पर फोन नहीं लगा। लेकिन कुछ देर बाद एक फोन आया और उसने खाते से 62 हजार रुपए उड़ा लिये। पीड़िता छात्रा का नाम तनीषा मिश्रा है और वह रेडियम रोड स्थित पीजी हॉस्टल में रह कर पढ़ाई करती है। उसने साइबर अपराध थाने में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें बताया है कि 26 अगस्त को एक पार्सल आने वाला था। अचानक उसके मोबाइल पर प्रोडक्ट गार्ड को डिलीवर कर दिए जाने का मैसेज मिला। हॉस्टल में फोन कर जानकारी ली तो पता चला कि पार्सल नहीं आया है। इसके बाद कस्टमर केयर के हेल्पलाइन नंबर 8662161072 व 8882804331 पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लगा। चंद मिनट बाद ही मोबाइल पर 9478280769 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कंपनी का कर्मी बताते हुए फोन करने का कारण पूछा। उसने पूरी जानकारी लेने के बाद तुरंत पैसा रिफंड के लिए प्रोसेस करने की बात कही। फोन कटके बाद 7739554132 से एक कस्टमर सर्विस एपीके का लिंक मिला, जिसे डाउनलोड करने को कहा गया। हालांकि लिंक डाउनलोड नहीं हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


