जालंधर| डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज जिले में पब्लिक- पॉलिसी इंटर्नशिप प्रोग्राम के अंतर्गत तीसरे बैच के समापन पर इंटर्नस का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।जिला प्रशासकीय परिसर में इंटर्नस के साथ एक बैठक के दौरान, डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि लोक-नीति इंटर्नशिप प्रोग्राम के अंतर्गत पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, सीटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, डीएवी. यूनिवर्सिटी, डीएवी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, केएमवी कॉलेज और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न यूनिवर्सिटियों और कॉलेजों के 21 छात्रों को 2 महीने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों में इंटर्नस के तौर पर शामिल किया गया था। इस दौरान इंटर्नस द्वारा प्रस्तुत परियोजनाओं का एक समिति द्वारा मूल्यांकन किया गया और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को डिप्टी कमिश्नर द्वारा नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा, सभी विद्यार्थियों को इंटर्नशिप कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सर्टिफिकेट दिए गए। इस अवसर पर सहायक कमिश्नर (यू.टी.) मुकीलन आर, जिला रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण ब्यूरो की उप निदेशक नीलम महे, रोजगार अधिकारी नरेश कुमार और करियर काउंसलर भारती शर्मा के अलावा जिला रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण ब्यूरो का स्टाफ भी मौजूद था।


