भास्कर न्यूज | कुकदूर छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हायर सेकेंडरी स्कूल कुकदूर में रजत जयंती समारोह हुआ। इस दौरान पुस्तक वाचन कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला विकास व प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कृष्णा कुंभकार रहे। उन्होंने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद छात्रों, शिक्षकों व शिक्षिकाओं ने विभिन्न पुस्तकों का वाचन किया। प्राचार्य रमेश सिंह पोर्ते ने बताया कि रजत जयंती सप्ताह के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम होंगे। पुस्तक वाचन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से इतर प्रेरणादायी पुस्तकों से भी जोड़ना है। मुख्य अतिथि कृष्णा कुंभकार ने कहा कि स्वाध्याय के माध्यम से हम पुस्तकों के लिखित उद्देश्यों को समझते हैं, जो हमारे व्यक्तित्व विकास के लिए एक महत्वपूर्ण आधार बनता है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


