शिक्षकों, हेडमास्टरों, बीईओ की एप से होगी मॉनिटरिंग

भास्कर न्यूज | कवर्धा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) की शुरुआत की है। यह अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म अब राज्य की शिक्षा व्यवस्था का कमांड सेंटर बनेगा, जहां से शिक्षकों, संकुल समन्वयकों, हेडमास्टरों व बीईओ की रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी। इससे शिक्षकों, छात्रों और स्कूलों से जुड़ा हर डेटा जैसे, नामांकन, उपस्थिति, सीखने के नतीजे और शिक्षक प्रशिक्षण एक ही जगह उपलब्ध रहेगा। इसके लिए सभी शिक्षकों को गूगल प्ले स्टोर से सीजी वीएसके एप, डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। विभाग ने एप अपलोड करने के लिए शिक्षकों की सुविधा के लिए एक वीडियो भी जारी किया है। जिसके जरिए शिक्षक अब स्कूल परिसर के 100 मीटर दायरे में रहते हुए मोबाइल एप से उपस्थिति दर्ज करेंगे। वर्तमान में इस एप का उपयोग शिक्षकों की उपस्थिति के लिए किया जा रहा है। बाद में छात्रों की उपस्थिति भी इसी तरह रियल टाइम में दर्ज होगी। अनुपस्थित रहने या देर से आने की जानकारी तत्काल सिस्टम पर अपडेट हो जाएगी। साथ ही शिक्षकों को स्वतः अलर्ट भी भेजा जाएगा। इन आंकड़ों का विश्लेषण बिग डेटा एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग तकनीक से किया जाएगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था की खामियां सामने आएंगी और सुधार के ठोस आधार तैयार होंगे। प्रशासनिक काम होंगे आसान, मिलेगी जानकारी अब शिक्षा विभाग में नोटिस, सर्वेक्षण और टाइम-टेबल में बदलाव की जानकारी भी एप से मिलेगी। मध्याह्न भोजन योजना और किताबों की आपूर्ति की भी मॉनिटरिंग एप से होगी। किस स्कूल को कितनी किताबें आवंटित हुईं और कितनी वास्तविक रूप से पहुंचीं, इसका ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। यह योजना जिला सहित प्रदेश भर में लागू की है। इनमें जिले के 933 प्राइमरी स्कूल, 486 मीडिल व 152 हाई सकूल, हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक, संकुल समन्वयक, हेडमास्टर व बीईओ के लिए लागू किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *